हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेव बांकी निवासी युवक अपने ससुराल से रिश्तेदार युवती को पांच दिन पहले भगा ले आया। ललिया थाना क्षेत्र के मथुरा बाजार चौकी की पुलिस युवक को शुक्रवार सुबह पकड़ ले गई। घरवालों की सिफारिश के बाद युवक को शनिवार दोपहर एक बजे पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस की प्रताड़ना से क्षुब्ध युवक ने शनिवार शाम चार बजे महादेव बांकी गांव के दक्षिण आम बाग में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस मामले की लीपापोती में जुटी है प्राप्त जानकारी के अनुसार हर्रैया थाना क्षेत्र स्थित महादेव बांकी गांव निवासी राकेश (25) पुत्र अंगनू की शादी ललिया क्षेत्र के एक गांव में पांच साल पहले हुई थी। बताया जाता है कि पांच दिन पहले राकेश की पत्नी किसी बात पर नाराज होकर मायके चली गई थी। सूत्रों से यह भी पता चला है कि राकेश का सम्बन्ध ससुराल पक्ष के रिश्तेदारी में किसी युवती से था। बताया जाता है कि पत्नी के मायके जाने पर राकेश पांच दिन पहले युवती को अपने घर भगा ले आया। पता चला है कि लड़की पक्ष के लोगों ने घटना की तहरीर मथुरा बाजार पुलिस चौकी को दी थी। पुलिस राकेश को शुक्रवार सुबह चौकी पर ले गई थी। परिवारीजन दिन भर राकेश को छुड़ाने की मिन्नत पुलिस चौकी पर करते रहे। बताया जाता है कि शनिवार दोपहर एक बजे पुलिस ने राकेश को थाने से छोड़ दिया। करीब चार बजे महादेव बांकी गांव के दक्षिण आम बाग में राकेश का शव पेड़ की डाल से लटकता मिला। पता चला है कि उसके गले में गमछे का फंदा लगा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ललिया आरके राय का कहना है कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच होगी। वहीं प्रभारी निरीक्षक हर्रैया कलाधर दूबे का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी।


0 Comments